Ramnath Vidrohi
Views: 162
हमें गर्व है कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है- डीएम
हाजीपुर !! राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर वैशाली समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य एवं पदाधिकारीगण को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार का सर्वाधिक महत्व होता है। मताधिकार प्रत्येक व्यस्क व्यक्ति का सबसे बड़ा और सशक्त हथियार है और प्रत्येक मतदाता को निर्वाचन के समय अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए इससे भारतीय लोकतंत्र को और मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक कर लोकतंत्र में सबकी भागीदारी सुनिश्चित कराना है।
कार्यक्रम का प्रारंभ जिलाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गयी। इसके पश्चात् भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का प्रसारण कराया गया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार करायी गयी गीत- "मै "भारत हूँ" को सुनवाया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन शाखा द्वारा विधान सभा वार प्रत्येक प्रखंड से चयनित एक-एक बूथ लेबल अधिकारी (बीएलओ) को जिलाधिकारी के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रथम बार मतदाता बने युवाओं को भी सम्मानित किया गया और शुभकामना दी गयी तथा अगले निर्वाचन में मताधिकारी का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज ही के दिन 1950 में भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना की गयी थी। यह संस्था कितना महत्वपूर्ण है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देश के गणतंत्र बनने के एक दिन पूर्व इसकी नींव पड़ी। मतदाताओं को जागरूक करने, उन्हें सशक्त और सचेत बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2011 से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाता है। यह 13 वाँ आयोजन है।
समाहरणालय सभागार में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किये गये स्लोगन- "वोट जैसा कुछ नही, वोट जरूर डालेंगे हम" पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता को जागरूक होना चाहिए उसे समझना चाहिए कि वोट क्यों जरूरी है। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र को सही सलामत चलाने के लिए यह पब्लिक ओपीनियन होता है। लोकतंत्र को जीवंत एवं सक्रिय बनाये रखने के लिए पूरा महकमा लगा हुआ है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि पहले पूरे साल में एक अर्हत्ता तिथि निर्धारित होती थी अब प्रत्येक तीन माह पर मतदाता सूची में नाम जोड़वाने के लिए अर्हत्ता तिथि निर्धारित हो रही है। सत्रह वर्ष पूरा कर चूके भावी मतदाताओं के लिए भी सुविधा दी जा रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त, जिला पीजीआरओ, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी वरीय उप समाहर्त्ता, सहित अन्य पदाधिकारी, समाहरणालय संवर्ग के कर्मीगण एवं प्रबुद्धजन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री कौसर प्ररवेज खान बीआरपी, गोरौल के द्वारा किया गया !!